ठाकरे के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं हुईं सोनिया गांधी, पत्र लिखकर जताया खेद
मुंबई (स्वतंत्र प्रयाग): महाराष्ट्र शिव सेना प्रमुख उद्धव ठाकरे आज शाम यहां शिवाजी पार्क में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके इस समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी शामिल नहीं हो पाएंगी। उद्धव को पत्र लिखकर उन्होंने खेद जताया है। सोनिया ने अपने पत्र में लिखा- असाधारण परिस्थितियों में शिवसेना-कांग्रेस-एनसीपी एक साथ आए हैं।
जब देश भाजपा की तरफ से अभूतपूर्व खतरा महसूस कर रहा है। मुझे दुख है कि मैं शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित नहीं हो पाऊंगी। बता दें कि मुंबई के शिवाजी पार्क में होने वाले शपथ समारोह के लिए करीब 1,000 लोग और डिजाइनरों ने मिलकर शपथ समारोह का मंच तैयार किया है।
इसे तैयार करने में 1500 घंटे का समय लगा है और यह 8,000 वर्ग फीट में फैला हुआ है जिसमें करीब 300 लोगों को बिठाया जा सकता है। आमंत्रित अतिथियों को स्टेज के समीप बिठाने के लिए 40,000 से अधिक कुर्सियां की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा क्षेत्र के बाकि हिस्सों में शिवसेना, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस के करीब 3,00,000 कार्यकर्ताओं के मौजूद रहने की संभावना है।
इस बीच, मुंबई पुलिस ने शपथ समारोह के मद्देनजर सुरक्षा के लिहाज से कई जगहों पर यातायात प्रतिबंधित कर दिया है। शपथ समारोह में आमंत्रित गणमान्य लोगों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, सभी राष्ट्रीय दलों के नेता, कई राज्यों के मुख्यमंत्री, न्यायपलिका के सदस्य, सिविल, पुलिस और रक्षा अधिकारी फिल्म, खेल और उद्योग से जुड़ी हस्तियां आमंत्रित हैं। इसके अलावा 500 से अधिक किसान भी आमंत्रित हैं।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें